75th Independence Day: PM Modi लाल किले पर आज फहराएंगे तिरंगा, पहली बार होगी पुष्प वर्षा, जानिए हर एक डिटेल

75th Independence Day: PM Modi लाल किले पर आज फहराएंगे तिरंगा, पहली बार होगी पुष्प वर्षा, जानिए हर एक डिटेल

पूरा देश आज आजादी की 75वीं वर्षगांठ (75th Independence Day) मना रहा है। इस खास मौके पर PM Narendra Modi लाल किले (Red Fort) पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे और लाल किले की प्राचीर से पूरे देश को संबोधित करेंगे। आज का दिन एक और वजह से काफी खास हो जाता है। दरअसल देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तौर पर मना रहा है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की आजादी का 75वां वर्ष मनाने के लिए मार्च 2021 में गुजरात के अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ शुरू किया था, जो 15 अगस्त, 2023 तक जारी रहेगा।

पहली बार होगी पुष्प वर्षा ( helicopters will shower petals )

PM Narendra Modi देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आज लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे और भारतीय वायु सेना के दो एमआई-17 1वी हेलीकॉप्टर पहली बार समारोह स्थल के ऊपर पुष्प वर्षा करेंगे। पहले हेलीकॉप्टर के कप्तान विंग कमांडर बलदेव सिंह बिष्ट होंगे, वहीं दूसरे हेलीकॉप्टर की कमान विंग कमांडर निखिल मेहरोत्रा ​​संभालेंगे। पुष्प वर्षा के बाद प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करेंगे। मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री के भाषण के समापन पर राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट राष्ट्रगान गाएंगे। राष्ट्रीय उल्लास के इस पर्व में विभिन्न स्कूलों के पांच सौ (500) एनसीसी कैडेट (सेना,नौसेना और वायु सेना) हिस्सा लेंगे।

कौन-कौन रहेंगे मौजूद (Independence Day Guests)

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले 32 खिलाड़ियों और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के दो अधिकारियों को लाल किले में आयोजित समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। प्रधानमंत्री के लिए सलामी गारद दल में सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस प्रत्येक में से एक-एक अधिकारी और 20-20 जवान शामिल होंगे। सलामी गारद के निरीक्षण के बाद, प्रधानमंत्री मोदी लाल किले की प्राचीर के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां उनका स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, थल सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे, नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आर.के.एस. भदौरिया द्वारा किया जाएगा।

दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है और हजारों सुरक्षाकर्मी संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। दिल्ली की सीमाओं पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जहां हजारों किसान केंद्र के नये कृषि कानूनों के खिलाफ आठ महीने से अधिक समय से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, लाल किले पर सुरक्षा का कई घेरा तैयार किया गया है, जहां से प्रधानमंत्री 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्र को संबोधित करेंगे।

 

Amit Singh

Amit Singh

अमित सिंह, सच भारत में राजनीति और मनोरंजन सेक्शन लीड कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 5 साल का अनुभव है। इन्हें राजनीति और मनोरंजन क्षेत्र कवर करने का अच्छा अनुभव रहा है।थियेटर एक्टर रह चुके अमित ने टीवी से लेकर अखबार और देश की विभिन्न विख्यात वेबसाइट्स के साथ काम किया है।इन्होंने राष्ट्रीय स्तर की दर्जनों शख्सियतों का वीडियो और प्रिंट इंटरव्यू भी लिया है।अमित सिंह ने अपनी स्कूली शिक्षा लखनऊ से प्राप्त करने के बाद जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से टीवी पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है।

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *