योगी आदित्यनाथ पर प्रियंका गांधी का बड़ा हमला, कहा- संविधान नष्ट, लोकतंत्र का चीरहरण और…

योगी आदित्यनाथ पर प्रियंका गांधी का बड़ा हमला, कहा- संविधान नष्ट, लोकतंत्र का चीरहरण और…

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi)  ने कहा कि यूपी में सरकार ही संविधान को नष्ट कर रही है। लोकतंत्र का खुलेआम चीर हरण हो रहा है। उन्होंने कोरोना की दूसरी लहर से निपटने में प्रदेश सरकार को पूरी तरह से विफल बताया। कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi)  कोरोना से निपटने और विकास के मामले में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) की झूठी प्रशंसा कर रहे हैं। उन्होंने सरकार पर जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख चुनाव में हिंसा फैलाने का आरोप भी लगाया। इस सबके खिलाफ प्रियंका ने हजरतगंज में गांधी प्रतिमा पर करीब दो घंटे का मौन धरना भी दिया।

प्रिंयका शुक्रवार को गांधी प्रतिमा पर मौन धरना देने के बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर पहुंचीं। वहां मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में कानून-व्यवस्था एकदम ध्वस्त हो चुकी है। यही वजह है कि उन्होंने गांधी प्रतिमा पर मौन व्रत रखा।

प्रियंका ने कहा कि यूपी आए पीएम मोदी कोरोना और विकास के फ्रंट पर योगी सरकार के काम को अच्छा बताते हुए उसे प्रमाणपत्र दे गए। यह कैसा अच्छा काम है। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान पंचायत चुनाव कराए गए। बड़ी संख्या में लोग संक्रमित हुए। चुनाव ड्यूटी करने वाले कितने शिक्षकों की मौत हुई। चुनाव यह सोचकर कराए गए कि परिणाम भाजपा के मनमुताबिक आएंगे। ऐसा नहीं हुआ तो सरकार ने जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में हिंसा फैला दी।

उम्मीदवारों के नामांकन पत्र फाड़ दिए गए। उन्हें घर से उठा लिया गया। महिला उम्मीदवारों को न सिर्फ मारा-पीटा, बल्कि उनके कपड़े तक फाड़े गए। तमाम जिलों में प्रशासन ने ही सदस्यों को सत्ता के इशारे पर धमकी दी। कहीं बम फूटे और कहीं हिंसा हुई। इस तरह सरकार यूपी में अराजकता फैला रही है। सरकार सोचती है कि जनता और विपक्ष इस सब पर मौन रहेगा। लेकिन, हकीकत में ऐसा नहीं है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पिछले कुछ बरसों के हालात देखें तो संविधान और लोकतंत्र पर वार कोई नई बात नहीं है। इस काम में पुलिस और प्रशासन का लगातार इस्तेमाल हो रहा है। यहां हम जनता के पक्ष में बोलने आए हैं। एक सवाल के जवाब में प्रियंका ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को यूपी के हालात नहीं दिख रहे हैं। यहां महिलाएं असुरक्षित हैं। पीएम हिंसा फैलाने पर प्रदेश सरकार को बधाई दे रहे हैं। प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ने प्रदेश के हालात पर संक्षिप्त बात रखी।

Amit Singh

Amit Singh

अमित सिंह, सच भारत में राजनीति और मनोरंजन सेक्शन लीड कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 5 साल का अनुभव है। इन्हें राजनीति और मनोरंजन क्षेत्र कवर करने का अच्छा अनुभव रहा है।थियेटर एक्टर रह चुके अमित ने टीवी से लेकर अखबार और देश की विभिन्न विख्यात वेबसाइट्स के साथ काम किया है।इन्होंने राष्ट्रीय स्तर की दर्जनों शख्सियतों का वीडियो और प्रिंट इंटरव्यू भी लिया है।अमित सिंह ने अपनी स्कूली शिक्षा लखनऊ से प्राप्त करने के बाद जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से टीवी पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *