EURO 2020: इंग्लैंड 9 साल बाद ग्रुप में पहुंचा टॉप पर, लुका मोड्रिक के अनोखे रिकॉर्ड से क्रोएशिया नॉकआउट में, स्कॉटलैंड की बदकिस्मती जारी

UEFA EURO 2020 में मंगलवार रात दो मुकाबले देखने को मिले। ग्रुप-डी में क्रोएशिया ने स्कॉटलैंड और इंग्लैंड ने चेक गणराज्य को हरा दिया।
दोनों टीमें जीत के साथ अंतिम-16 में पहुंचने में सफल रही।
वहीं स्कॉटलैंड का बैडलक बरकरार रहा और वह नॉकआउट की दौर से बाहर हो गई है।
इंग्लैंड ने चेक गणराज्य को 1-0 से शिकस्त दी। वहीं, क्रोएशिया ने रोमांचक मुकाबले में स्कॉटलैंड को 3-1 से हरा दिया।
इंग्लैंड तीसरी बार इस टूर्नामेंट के ग्रुप राउंड में टॉप पर रहने में कामयाब हुआ है। इससे पहले वह 1996 और 2012 में पहले स्थान पर था।
इंग्लैंड ने इस बार सिर्फ दो गोल किए हैं। वह सबसे कम गोल के साथ पहले स्थान पर रहने वाली टीम बन गई। इंग्लैंड के मैनेजर गैरेथ साउथगेट का कोच के तौर पर यह 57वां मैच था।
उन्होंने इस मामले में रॉय हॉडसन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। साउथगेट इंग्लैंड के लिए 50 से ज्यादा मैच खेलने वाले और 50 ज्यादा मैचों में कोचिंग देने वाले पहले इंसान हैं।
साउथगेट ने कहा ,‘‘हमारा हमेशा से मानना था कि हैरी केन पर से गोल करने का बोझ कम किया जाना चाहिए।’’केन क्रोएशिया और स्कॉटलैंड के खिलाफ गोल नहीं कर सके। यहां उन्होंने गोल पर पहला शॉट लगाया। इंग्लैंड को अब एक सप्ताह बाद ग्रुप एफ के उपविजेता से खेलना है जो फ्रांस, पुर्तगाल, जर्मनी या हंगरी में से कोई भी हो सकता है।
दूसरी ओर, अपना आखिरी यूरो फुटबॉल चैम्पियनशिप खेल रहे कप्तान लुका मोड्रिक के शानदार गोल की मदद से क्रोएशिया ने स्कॉटलैंड को 3-1 से हराकर अंतिम 16 में प्रवेश कर लिया।
35 वर्ष के मोड्रिक ने 62वें मिनट में गोल किया। इस जीत के साथ क्रोएशिया ग्रुप डी में दूसरे स्थान पर रहा और उसका सामना सोमवार को कोपेनहेगन में ग्रुप ई के उपविजेता से होगा।